Uttarakhand News: संविधान एवं विधि दिवस पर CM धामी का बड़ा ऐलान, अभियोजन विभाग को दी 3 अहम सौगातें….


देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. मुख्यमंत्री ने सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान का स्मरण किया. उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने की प्रेरणा देता है.

Auto Inserted Image
      

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने तथा आमजन को जागरुक करने के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी. अभियोजन विभाग के कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं हेतु अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी. प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इन पहलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की अभियोजन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई. उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया.

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधि, समाज सेवा, चिकित्सा, शिक्षा एवं अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया. इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी एवं गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना एवं डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट एवं सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे. मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को सर्वोच्च स्थान दिया गया है. महाभारत में वर्णित विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी बनी रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो. यही सिद्धांत हमारी न्याय व्यवस्था का भी आधार है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है. विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना, तथ्यों एवं साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष स्पष्ट और निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन का पक्ष मजबूती से रखना अभियोजन अधिकारियों का महत्वपूर्ण दायित्व है. अभियोजन अधिकारियों की मेहनत, विधिक दक्षता और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है. उन्होंने ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए अभियोजन अधिकारियों की सराहना भी की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण है. इसी दिन संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था. वर्ष 1979 में प्रख्यात विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी एवं सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की पहल पर 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल एवं नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं. औपनिवेशिक काल के आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं. यह स्वतंत्रता के बाद देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था के सबसे बड़े सुधारों में से एक है. इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष बल दिया गया है.



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *